विधिक जागरूकता कार्यक्रम में मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया गया जागरूक
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव के निर्देश पर सोमवार को सेंट एंथोनी स्कूल, बाराबंकी में संविधान विषयक परिचर्चा एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम न्यायालय के न्यायाधिकारी ललित सिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल नितिन कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों को अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। इससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सकेंगे और किसी भी प्रकार के अन्याय अथवा अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में उचित विधिक सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता जैसे मूलभूत मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही एक जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पराविधिक स्वयंसेवक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
— उज्ज्वल उपाध्याय सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी।
