हर चालक के लिए यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करना आवश्यक : अमिताभ राय
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत उप सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अमिताभ राय ने कार्यालय पहुंचे ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों और यातायात संकेतों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण के महत्व के बारे में बताया। इसके साथ ही ऑनलाइन एवं फेसलेस परिवहन सेवाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए।
इस अवसर पर एआरटीओ अमिताभ राय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करना आवश्यक है। नियमों का पालन न केवल सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि दुर्घटनाओं को रोककर कई अनमोल जिंदगियां बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं, मोटरयान निरीक्षक बलवंत सिंह यादव ने ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों वाले हेलमेट का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं एवं छोटे बच्चों को भी दोपहिया वाहन पर यात्रा के दौरान हेलमेट पहनाने की अपील की।
कार्यशाला के दौरान आवेदकों ने लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट एवं दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने मौके पर ही उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक आनंद वर्मा, अमन वर्मा, कनिष्ठ सहायक अनिकेत सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
