23 से 30 नवंबर तक चलेगा डलमऊ महोत्सव, देशभर के कलाकारों की प्रस्तुतियों से गुलजार होगा मेला।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
डलमऊ/रायबरेली। गंगा तट पर आस्था, संस्कृति और उत्सव का संगम देखने को मिला, जब डलमऊ में प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले डलमऊ महोत्सव में श्रद्धालुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले के शुभारंभ अवसर पर गंगा तट पर आयोजित भव्य आरती में लेजर लाइट का आकर्षक संयोजन लोगों के लिए विशेष आकर्षण बना रहा।
रंग-बिरंगी रोशनी और आध्यात्मिक वातावरण ने गंगा तट को अलौकिक छटा से सराबोर कर दिया।महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गंगा आरती में शामिल होकर धार्मिक आयोजन की शुरुआत की।
गंगा तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और भव्य आरती ने मेले के उत्साह को और बढ़ा दिया।
डलमऊ महोत्सव के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। बुंदेलखंड और झांसी की लोक संस्कृति, मथुरा की ब्रज होली तथा बरेली सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव को खास बनाएंगी। मेले में दूर-दराज से आए दुकानदारों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं, जहां खरीदारी और खानपान के साथ विभिन्न वस्तुओं की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
श्रद्धालुओं और मेले में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने ठहरने, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है, जबकि गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।नगर पंचायत डलमऊ के अध्यक्ष प्रतिनिधि शुभम गौड़ ने बताया कि मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और ठहरने की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। विभिन्न जनपदों से दुकानदार मेले में पहुंचे हैं ।
और दुकानें सजाई गई हैं। प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आस्था के साथ संस्कृति और मनोरंजन का संगम बना डलमऊ महोत्सव अब 30 नवंबर तक चलेगा। मेले में प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा तट की रौनक और श्रद्धालुओं की भीड़ इस आयोजन को खास बनाएगी। अब लोगों की निगाहें मेले के आगामी कार्यक्रमों और समापन समारोह पर टिकी हैं।
