रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। भारतीय संविधान के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को वसी नकवी नेशनल इंटर कॉलेज में संविधान संवाद अभियान के तहत परिचर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीशा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संविधान देश का सर्वोच्च कानून है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने नीति निदेशक तत्वों के महत्व को समझाते हुए कहा कि ये सरकार को कल्याणकारी राज्य की स्थापना के लिए मार्गदर्शन देते हैं।
उन्होंने संविधान की प्रस्तावना ‘हम भारत के लोग’ का अर्थ समझाते हुए विद्यार्थियों को जाति, धर्म और लिंग के आधार पर भेदभाव न करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर प्रबंधक मुर्तजा अजहर नकवी, प्रधानाचार्य रमेश चंद्र, प्रवक्ता संजय त्रिवेदी एवं पराविधिक स्वयंसेवक पवन कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
