एम.डी.के.पी. कॉलेज ऑफ लॉ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने रखे विचार

भारतीय संविधान एवं विकास विषय पर आयोजित हुई विचार गोष्ठी, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक

धारा लक्ष्य समाचार

त्रिवेदीगंज बाराबंकी। मकनपुर स्थित एम.डी.के.पी. कॉलेज ऑफ लॉ में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ‘भारतीय संविधान एवं विकास’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने की। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता से पूर्व भारत की संवैधानिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा के गठन एवं उसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भारतीय संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों की व्याख्या करते हुए विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता समझाई।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. नित्यानंद बाजपेयी ने उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने भारतीय संविधान की विशेषताओं, उसके विकास और संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर सहायक आचार्य मनोज कुमार ने संविधान की प्रस्तावना, संवैधानिक संशोधनों एवं आरक्षण संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं सहायक आचार्य सुश्री प्रियांशी सिंह ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराया। सहायक आचार्य ऐनुल इस्लाम ने संविधान के उद्देश्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय लोकतंत्र में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

सहायक आचार्य सुश्री सरिता द्विवेदी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता और न्याय का आधार स्तंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

विचार गोष्ठी के दौरान महाविद्यालय के छात्र शिवा, करण एवं नीरज ने भारतीय संविधान के मूल्यों, सिद्धांतों और मौलिक अधिकारों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं आशीष, सनम कुमार, अंशुमान, अनुज, शिवम, चांदनी एवं रवि ने संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मौलिक अधिकारों तथा संवैधानिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। गोष्ठी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, उसके विकास तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी श्री दिनेश कुमार यादव, श्री जितेंद्र पाण्डेय, अर्जुन सिंह यादव, धीरज कुमार, सुश्री प्रियांशी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Related posts