धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। जिले के विकास खण्ड क्षेत्र संग्रामपुर में आज की गतिविधि कार्यक्रम के द्वारा निरंतर बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रयास किये जा रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन से शिक्षा और आनंददाई हो जाती है। इसी क्रम में विकास खण्ड क्षेत्र संग्रामपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय कसारा में नवाचारी शिक्षक रमेश चौहान और रमा त्रिपाठी के निर्देशन में कई गतिविधियां कराई गई।
सर्वप्रथम शिक्षक रमेश कुमार की सहायता से मानचित्र गतिविधि का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों के द्वारा मानचित्र में विभिन्न राज्यों को राजनीतिक सीमाओं के आधार पर अलग रंग भरकर उनकी स्थिति दर्शायी गई। इस गतिविधि में रीतांशी, सृष्टि मौर्य, मानसी, देव, शनि आदि छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। 
शिक्षिका रमा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में दूसरी गतिविधि में मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सुरक्षा संबंधी सभी हेल्पलाइन नम्बरों का प्रदर्शन बच्चों के द्वारा किया गया। जिसमें छात्रा सृष्टि मौर्य द्वारा मां दुर्गा का भावपूर्ण अभिनय किया गया। अन्य बच्चों ने भी इस गतिविधि में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
शिक्षक रमेश कुमार के द्वारा बच्चों को अंडर ब्रिज एक्टिविटी कराई गई। इस एक्टिविटी का प्रमुख उद्देश्य बच्चों में टीम भावना को विकसित करना रहा। इसमें बच्चों ने मानव श्रृंखला की दो टीमों द्वारा बनाये गये अंडरब्रिज से होते हुए गुब्बारा लेकर पहले कुर्सी तक पहुंचने का खेल किया।
इस गतिविधि में शनि, राज, अंकित, नित्यांश, मानवी, संध्या, पिंकी, प्रेम किशन मोहित आदि छात्रों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर ए आर पी निरंजन सिंह उपस्थित रहे।
खण्ड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर शशांक मिश्र के द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय कसारा के शिक्षकों और बच्चों के उपरोक्त प्रयासों की सराहना की।
