कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी संजय चौहान ने दिखाई हरी झंडी।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं द्वारा पिंक रैली का आयोजन किया गया। रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी संजय चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े संदेश दिए गए।
शिक्षिकाओं ने रैली के माध्यम से महिलाओं/बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090 एवं आपातकालीन सेवा 112 शामिल रहे। साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “नारी शक्ति ही समाज की वास्तविक शक्ति है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य यही है कि प्रत्येक महिला एवं बालिका अपने अधिकारों के प्रति सजग रहे और किसी भी समस्या की स्थिति में निडर होकर प्रशासन से मदद प्राप्त कर सके।
” उन्होंने आगे कहा कि हम सबको मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी महिला या बालिका स्वयं को असुरक्षित महसूस न करे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

