जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय में प्लेसमेंट कैंप
धारा लक्ष्य समाचार
अमेठी। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत 27 सितम्बर 2025 को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, असैदापुर गौरीगंज में जिला सेवायोजन अधिकारी द्वारा करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं को भविष्य की संभावनाओं, रोजगार व स्वरोजगार के विकल्पों, सरकारी योजनाओं एवं स्किल डिवेलपमेंट से जुड़ी जानकारियाँ प्रदान की गईं।
*महिला कौशल विकास केंद्र में करियर काउंसलिंग*
इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान के तहत कौशल विकास केंद्र, टिकरिया गौरीगंज में GDA प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं के लिए करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग, सुश्री कल्पना वर्मा द्वारा प्रशिक्षणरत महिलाओं को मार्गदर्शन दिया गया और रोजगार के अवसरों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
*मिशन शक्ति 5.0 – आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम*
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य छात्राओं व महिलाओं को जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। मिशन शक्ति 5.0 के माध्यम से नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला प्रशासन लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है जिससे महिलाओं और छात्राओं को करियर, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता से जोड़कर मुख्यधारा में लाया जा सके।
जिलाधिकारी संजय चौहान (आईएएस) एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल (आईएएस) ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान केवल जागरूकता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की ठोस पहल है। ऐसे आयोजनों से उन्हें न केवल रोजगार के अवसर मिलते हैं, बल्कि आत्मविश्वास और सामाजिक सशक्तिकरण भी प्राप्त होता है।

