Raybareli UP: महराजगंज ।व्यवसायी पर चेक में हेरफेर का मामला दर्जः दस हजार के चेक को तीन लाख दस हजार बनाने का प्रयास, छानबीन कर रही पुलिस

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली ।महराजगंज में एक कपड़ा व्यवसायी की शिकायत पर कानपुर के एक फर्म मालिक और उसके कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। उन पर दस हजार रुपये के चेक में हेरफेर कर उसे तीन लाख दस हजार रुपये का बनाने का प्रयास करने का आरोप है।यह मामला महराजगंज के कपड़ा व्यवसायी राम अचल मौर्य से संबंधित है।

वर्ष 2024 में, उन्होंने कानपुर की शिवराम नरेश कुमार फर्म के मालिक अभिषेक चावला के कर्मचारी सचिन को बैंक ऑफ बड़ौदा के अपने खाते से दस हजार रुपये का चेक दिया था। आरोप है कि कर्मचारी सचिन ने चेक पर लिखी राशि में हेरफेर करते हुए दस हजार के आगे ‘तीन’ लिखकर उसे तीन लाख दस हजार रुपये का बना दिया।

इसके बाद, संशोधित चेक को कानपुर के माल रोड स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में भुगतान के लिए प्रस्तुत किया गया। हालांकि, बैंक ने जालसाजी को पहचान लिया और भुगतान करने से इनकार कर दिया।भुगतान न होने पर, कपड़ा व्यवसायी राम अचल मौर्य को एक नोटिस जारी किया गया, जिससे उन्हें इस धोखाधड़ी के प्रयास की जानकारी मिली।

उन्होंने पहले पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया, लेकिन सुनवाई न होने पर न्यायालय का रुख किया।

शनिवार को न्यायालय के आदेश पर, कोतवाली पुलिस ने फर्म के मालिक अभिषेक चावला और उनके कर्मचारी सचिन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर कानपुर के इन दो कपड़ा कारोबारियों पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts