Amethi UP: दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, दोनों पक्षों ने थाने में दी तहरीर

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

संग्रामपुर/अमेठी। जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के दला का पुरवा गांव में शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों से लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है।

पहली तहरीर के अनुसार, पीड़िता अनामिका यादव पत्नी प्रदीप कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि सुबह लगभग 6:45 बजे पड़ोसी देव नारायण यादव, उनकी पत्नी, पुत्र सचिन और परिजनों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोप है कि लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका हाथ टूट गया। पीड़िता का कहना है कि हमलावर जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।

दूसरी ओर, देव नारायण यादव ने अपनी तहरीर में कहा है कि विवाद उस समय हुआ जब उनके भाई की बहू अनामिका यादव घर के सामने खूंटा गाड़ रही थी। मना करने पर अनामिका ने सब्बल से उनकी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि इसके बाद अनामिका के परिवारजन भी मारपीट में शामिल हो गए और जान से मारने की धमकी दी।

घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमले और तोड़फोड़ के आरोप लगाए हैं।

थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts