धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही हैं। 11 अक्टूबर से शुरू हुआ यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर तक चलेगा।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर के प्रभारी डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि अभियान के तहत कुल 79 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम को प्रतिदिन 10 घरों में दस्तक देकर परिवार के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाने और आवश्यक सहायता प्रदान करने का दायित्व सौंपा गया है।
इस प्रकार रोजाना करीब 790 परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।स्वास्थ्य टीमें खांसी, जुकाम, बुखार, उल्टी-दस्त, घबराहट जैसी बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जानकारी रजिस्टर में दर्ज कर रही हैं। यदि कोई बीमार व्यक्ति स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहा है, तो टीम उसकी एम्बुलेंस व्यवस्था भी सुनिश्चित कर रही है।
बुद्धवार को ग्राम भवसिंहपुर में आशा कार्यकत्री बबीता सिंह और आंगनबाड़ी कार्यकत्री कंचन ने दस घरों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए।कार्यक्रम में आरओ संतोष यादव, बीपीएम शंभूनाथ पांडेय, बीसीपीएम तीर्थराज यादव सहित सभी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

