भेटुआ /अमेठी। लगभग एक दशक से विकास खंड के कर्मचारियों के आवास सहित सुरक्षा के लिए बनी चारदीवारी बदहाल है। विकास खंड की इसी कमजोरी का फायदा उठाकर बीते एक साल में ही चोरों ने अपना हाथ साफ कर लाखों का माल पार कर दिया। बड़ी बात तो ये है कि इन घटनाओं के बाद भी विकास खंड में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
सैंतालीस ग्राम सभाओं की जिम्मेदारी संभालने वाला विकास खंड खुद अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। विकास खण्ड कार्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए बनी चारदीवारी चारो ओर से टूटी पड़ी है। बीते एक साल में ही चोरों ने विकास खंड कार्यालय को निशाना बनाकर अपना हाथ साफ कर लिया। यही नहीं विकास खंड परिसर में बने अनेकों कार्यालयों में ब्लॉक संसाधन केंद्र, बाल विकास परियोजना कार्यालय, किसान कल्याण केंद्र, पशु चिकित्सालय भी चोरों के निशाने पर रह चुके हैं।
चोरियों से परेशान विभाग ने चार दीवारी निर्माण के बजाय दीवार के बगल खाई खुदवाकर इति श्री कर ली। इसके साथ ही कार्यालय परिसर में ही ब्लॉक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बने आवास भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी भेंटुआ डॉ आकांक्षा सिंह ने बताया कि चारदीवारी टूटने की जानकारी है
, सुरक्षा के लिए सी सी टी वी लगवाई गई है। कर्मचारियों के लिए बने आवास विभाग की दृष्टि में अभी निष्प्रयोज्य नहीं है। विकास खंड की चारदीवारी बनवाने के लिए विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

