शिक्षा के साथ खेलकूद भी आवश्यक……मा. राज्य मंत्री।
अमेठी, 16 अक्टूबर 2025। जनपद के तिलोई तहसील मुख्यालय स्थित एस.पी.एन. इंटर कॉलेज के मैदान में माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जनपदीय एथलेटिक्स रैली प्रतियोगिता का शुभारंभ आज उत्तर प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
तत्पश्चात मंत्री श्री सिंह ने ध्वजारोहण कर कबूतर और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के पूर्व विद्या कलश हाई स्कूल, खानापुर चपरा के आकर्षक स्काउट बैंड के साथ सभी जोनों के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि “खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य का आधार हैं।” उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शिक्षा जीवन में आवश्यक है, उसी प्रकार खेलकूद भी छात्र जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन,
एकाग्रता और टीम भावना का विकास होता है। मंत्री श्री सिंह ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि जनपद के खिलाड़ी न केवल जिला स्तर पर बल्कि रीजनल और प्रदेशीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अमेठी का नाम रोशन करें। उद्घाटन के पश्चात आयोजित 800 मीटर दौड़ (सीनियर बालक एवं बालिका वर्ग) में विजयी छात्र-छात्राओं को मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जनपद की चारों तहसील — तिलोई, मुसाफिरखाना, गौरीगंज और अमेठी जोन — से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के संयोजक एस.पी.एन. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रेम कुमार मिश्र ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न दौड़, लांग जंप, शॉट पुट, रिले रेस सहित अनेक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, उपजिलाधिकारी अमित सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश त्रिपाठी, पूर्व प्रधानाचार्य राजेंद्र बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य विनोद कुमार पांडे, आर.पी. सिंह, राम अवध राम, जयप्रकाश द्विवेदी, संजय सिंह, मान सिंह, आनंद भवन सिंह, बृजेश यादव सहित अनेक प्रधानाचार्य, शिक्षाधिकारी, टीम प्रभारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। राज्य मंत्री श्री सिंह ने अंत में सभी खिलाड़ियों, शिक्षकों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि अमेठी खेल और शिक्षा दोनों में प्रगति की नई ऊँचाइयाँ छुएगा।

