Amethi UP: अमेठी में सरेराह हत्या की खौफनाक वारदात से क्षेत्र में दहशत

तीन अज्ञात हमलावरों ने पीट-पीटकर की निर्मल कश्यप की हत्या, इलाके में सनसनी

अमेठी। जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गुगवाछ स्थित विद्युत पावर हाउस के पास गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब तीन अज्ञात हमलावरों ने 57 वर्षीय निर्मल कश्यप निवासी टीकर माफी की बेरहमी से पिटाई कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की है। उसी समय गाँव के राम कुमार मुंशी वहाँ से गुजर रहे थे, जिन्होंने देखा कि तीन युवक निर्मल कश्यप को बुरी तरह पीट रहे हैं। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने एम्बुलेंस बुलाकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया, जहाँ से गंभीर हालत में डॉक्टरों ने उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल असैदापुर गौरीगंज रेफर किया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने निर्मल कश्यप को मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक लंबे समय से ग्राम पंचायत गुगवाछ के तिवारीपुर गाँव में माता प्रसाद और राम नरेश के खेतों में बटाई पर खेती करते थे। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।

घटना की सूचना के करीब दो घंटे बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related posts