धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जामों/अमेठी। 23 अक्टूबर दिन गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जामो थाना क्षेत्र में एक वीडियो वायरल होता हैं। जिसमे एक युवक के द्वारा हर्ष फायरिंग की जा रही है, अमेठी जनपद में हर्ष फायरिंग और सार्वजनिक प्रदर्शन के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां जामो थाना क्षेत्र के दखिनवारा गांव निवासी आकाश रावण का हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवक खुलेआम असलहा लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहा है। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामले की जानकारी होने पर जामो कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो की सत्यता की पुष्टि के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी अवैध हर्ष फायरिंग या प्रदर्शन में शामिल न हों और ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

