धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बलरामपुर । भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोयलाबास आंख उपचार केंद्र में सोमवार को निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 165 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें 54 पुरुष और 111 महिलाएँ शामिल रहीं। जांच के बाद सभी मरीजों को आवश्यक दवाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

जांच के दौरान 81 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिनका मौके पर ही सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन कराने वालों में 42 पुरुष और 39 महिलाएँ शामिल थीं। शिविर में मरीजों की बड़ी संख्या को देखकर स्थानीय लोगों में भी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ती नजर आई।

यह शिविर नेत्र ज्योति संघ, लमही आई हॉस्पिटल की शाखा द्वारा आयोजित किया गया। वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. प्रदीप बसतोला के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सभी 81 मरीजों का ऑपरेशन किया। टीम में प्रशिक्षित सर्जन, तकनीशियन और सहयोगी स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल रहे, जिन्होंने दिनभर मेहनत कर मरीजों को राहत दी।
डॉ. बसतोला ने बताया कि मोतियाबिंद बुजुर्गों में तेजी से बढ़ने वाली समस्या है, लेकिन समय पर जांच और उपचार से इससे होने वाली अंधता को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से आंखों की जांच करवाएं और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
कोयलाबास क्षेत्र में हुए इस निःशुल्क शिविर से सीमावर्ती इलाकों के सैकड़ों मरीजों को सीधा लाभ मिला है। स्थानीय लोगों ने नेत्र ज्योति संघ और चिकित्सक टीम के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में ऐसे शिविरों के आयोजन की मांग की।
