धारा लक्ष्य समाचार पत्र
पुलिस अधीक्षक अमेठी ने किया रक्तदान, कहा — “रक्तदान महादान”
अमेठी।
आज दिनांक 08 नवंबर 2025 को वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में जिला चिकित्सालय गौरीगंज में अमेठी पुलिस द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं रक्तदान करते हुए कहा कि “रक्तदान को महादान कहा गया है, क्योंकि यह किसी जरूरतमंद की जान बचाने का सबसे बड़ा मानव धर्म है।”
उन्होंने उपस्थित जनसमूह से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की और बताया कि रक्तदान से न केवल दूसरों का जीवन बचता है, बल्कि इससे दाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वैच्छिक रक्तदाताओं की संख्या बढ़ाना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों — जैसे गर्भवती महिलाएं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति, एच.आई.वी., हीमोफीलिया तथा थैलीसीमिया से ग्रसित बच्चे — को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज, क्षेत्राधिकारी लाइन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पुलिस लाइन व पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया।

