धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने थाना मुंशीगंज का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मेस, बैरिक, शस्त्रागार, दंगा नियंत्रण उपकरण, महिला हेल्प डेस्क और अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। एएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन व्यवस्था और रजिस्टरों के रखरखाव की विस्तार से जांच की, जो संतोषजनक पाए गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और अपराध नियंत्रण के विषय में प्रभारी निरीक्षक मुंशीगंज शिवाकांत तिवारी तथा उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को त्वरित न्याय मिल सके। इसके साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, व्यवहारकुशलता और जिम्मेदारी बनाए रखने पर भी जोर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बैरिक व मेस की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय करने तथा शस्त्रागार एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता, तत्परता और टीमवर्क के साथ काम करने की सलाह दी। एएसपी के इस निरीक्षण से थाना स्टाफ में कार्यकुशलता और व्यवस्था सुधारने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।

