धारा लक्ष्य समाचार पत्र
भेटुआ/अमेठी। चुनाव आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू किए जाने के साथ ही जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य एडवोकेट सूबेदार यादव मतदाताओं को जागरूक करने के लिए क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं।

अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि भी इस कार्य में सहयोग कर लोगों को फॉर्म सही तरीके से भरने और समय पर जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

सूबेदार यादव ने भेंटुआ ग्राम सभा के बूथ संख्या 247 और 248 पर जाकर मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटने न देना है। उनके प्रयास अमेठी विधानसभा क्षेत्र के अन्य भागों में भी दिखाई दे रहे हैं।
सूबेदार यादव समाजवादी पार्टी की ओर से क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए लोगों को मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। जागरूकता कार्यक्रम में मुस्तकीम, शब्बीर, शकील, इसरार और जरूर सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
