Balrampur Uttar Pradesh: तुलसीपुर में पाइप लाइन ध्वस्त पेयजल का संकट

धारा लक्ष्य समाचार  विनय कुमार 

बलरामपुर ब्यूरो चीफ तुलसीपुर श्री हनुमानगढ़ी तिराहा स्थित वाटर सप्लाई बोरिंग का कनेक्शन जोड़ने के दौरान जल निगम की मशीनों द्वारा पुरानी वाटर सप्लाई की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। गुरुवार रात से लगातार मरम्मत प्रयासों के बाद भी शुक्रवार को समाचार प्रेषण तक पाइपलाइन दुरुस्त नहीं हो सकी थी जिससे नगर के हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। बूंद बूंद पानी को लोग तरस गए।सूत्र बता रहे हैं कि पूर्व में भी जल निगम की लापरवाही के कारण पाइप लाइन ध्वस्त हो चुकी है फिर भी विभाग ठोस उपाय नहीं कर पा रहा है।

मुख्य तिराहे पर लगभग छह से सात फुट गहरा गड्ढा खोदकर पाइपलाइन की मरम्मत का प्रयास जारी है लेकिन पुरानी सीमेंटेड पाइपलाइन जर्जर होने के चलते एक हिस्से को ठीक करते ही दूसरे स्थान पर रिसाव शुरू हो जाता है । लगातार 24 घंटे से अधिक समय की मेहनत के बावजूद लाइन दुरुस्त नहीं हो पाई।

अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे ने बताया कि जल निगम की टीम बोरिंग के नए कनेक्शन को जोड़ रही है, इसी दौरान पुरानी पाइपलाइन टूट गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत लगातार जल निगम के संपर्क में है और पाइपलाइन को जल्द से जल्द ठीक कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।देर तक जलापूर्ति बहाल हो जायेगा।

Related posts