Amethi UP : महिला थाने की बेकाबू सरकारी गाड़ी का कहर — एक की मौत, दो घायल

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बिना इंश्योरेंस और बिना पॉल्यूशन के सड़क पर फर्राटा भर रही थी यह सरकारी गाड़ी, सावल यह उठता है कि क्या सिर्फ आमजन के लिए ही कानून है?

गौरीगंज/अमेठी।
कानून की रक्षा करने वाली पुलिस पर ही आज सवालों का पहाड़ खड़ा हो गया, जब गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के बाबूगंज बीओबी बैंक के पास महिला थाने की सरकारी बोलेरो ने तेज रफ्तार में बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस गाड़ी से यह हादसा हुआ — वह बिना पॉल्यूशन और बिना इंश्योरेंस के सड़क पर फर्राटा भर रही थी। यानी जिस विभाग पर कानून पालन कराने की जिम्मेदारी है, वही खुलेआम नियमों को कुचलता हुआ घूम रहा था।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कानूनी कार्यवाही में जुटी हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों में गुस्सा साफ झलक रहा है। भीड़ का कहना है कि अगर यही गलती किसी आम नागरिक की होती, तो अब तक चालान, एफआईआर और जेल — तीनों हो चुके होते।

अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में पुलिस विभाग अपने ही स्टाफ पर कार्रवाई करेगा या यह हादसा भी सरकारी फाइलों में चुपचाप दफन कर दिया जाएगा?

Related posts