Sitapur UP: सीतापुर में डायल–112 को मिली नई रफ्तार

एएसपी ने पाँच नई पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। जनपद में आपातकालीन पुलिस सेवा डायल–112 को मंगलवार को एक महत्वपूर्ण मजबूती मिली। 09 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह ने डायल–112 की पाँच नई चारपहिया पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले की त्वरित पुलिस सहायता इकाई में शामिल किया। नई गाड़ियों के जुड़ने से पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम और कम होगा तथा अपराध नियंत्रण और आपातकालीन सहायता की क्षमता और अधिक बेहतर होगी।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात धर्मेन्द्र कुमार यादव, यातायात निरीक्षक फरीद अहमद, डायल–112 प्रभारी निरीक्षक राजकरन शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नई पीआरवी वाहनों का निरीक्षण करते हुए तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा–निर्देश भी दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने कहा कि नई पीआरवी ग्रामीण तथा शहरी दोनों क्षेत्रों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उनका कहना था कि डायल–112 का उद्देश्य कम से कम समय में पीड़ित तक पुलिस सहायता पहुँचाना है, और संसाधन बढ़ने से यह व्यवस्था और मजबूत होगी। ट्रैफिक सीओ धर्मेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि नई पीआरवी आधुनिक उपकरणों और बेहतर संचार व्यवस्था से सुसज्जित हैं, जिससे आपात स्थितियों में तेजी से सूचना आदान–प्रदान और मौके पर पहुँचने की क्षमता बढ़ेगी।

डायल–112 प्रभारी राजकरन शर्मा ने बताया कि नई पीआरवी को विभिन्न थाना क्षेत्रों में रणनीतिक रूप से तैनात किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं, झगड़ों, असामाजिक गतिविधियों और अन्य आपात स्थितियों में तुरंत हस्तक्षेप किया जा सके।

नई वाहनों को रवाना करते समय अधिकारियों ने पीआरवी कर्मियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस पहल से जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में सकारात्मक संदेश गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि डायल–112 की यह नई शक्ति सुरक्षा सेवा को और भी अधिक प्रभावी बनाएगी।

Related posts