धारा लक्ष्य समाचार सैय्यद जावेद क़ासिम
बिसवां (सीतापुर)। बढ़हरपुरवा–भिटमनी मार्ग की जर्जर हालत अब सुधरने लगी है। कुछ माह पूर्व इसी मार्ग पर सपा नेता शुभम रस्तोगी ने ग्रामीणों के साथ धान रोपकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया था। लंबे समय से उपेक्षित इस सड़क की दुर्दशा को लेकर उठाई गई आवाज़ ने असर दिखाया और शासन से मंजूरी मिलने के बाद मार्ग पर खड़ंजा बिछाने का कार्य शुरू हो गया है।
बरसात में दलदल में बदल जाने वाले इस रास्ते से ग्रामीणों, किसानों, मजदूरों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कत होती थी। निर्माण कार्य न शुरू होने पर लोगों में नाराज़गी भी बढ़ रही थी। सपा नेता द्वारा लगातार प्रयास और शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया तथा प्रक्रिया को तेज कर कार्य प्रारम्भ करा दिया गया।
निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन आसान होगा और आसपास के गांवों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। शुभम रस्तोगी ने इसे ग्रामीणों की जीत बताते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन आगे भी जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करता रहेगा।

