धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। मध्याह्न भोजन योजना से आच्छादित विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मध्य रसोइया पाककला प्रतियोगिता दिनांक 12.12.2025 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय गौरीगंज, जनपद अमेठी में आयोजित की गयी। प्रतियोगिता में विकास खण्ड अमेठी, गौरीगंज, मुसाफिरखाना तथा तिलोई से 03-03 रसोइयों तथा शेष विकास खण्डों से 02-02 रसोइया (कुल 30 रसोइयों) द्वारा प्रतिभाग किया गया।
प्रतियोगिता में समस्त रसोइयों को लॉटरी के माध्यम से 10 रसोइयों को तहरी, 05 रसोइयों को रसेदार मौसमी सब्जी, 05 रसोइयों को आलू सोया मेथी सब्जी, 10 रसोइयों को अरहर की दाल पकाने हेतु आवंटित किया गया। समस्त प्रतिभागी रसोइयों को एप्रिन, ग्लब्स एवं हेड कवर प्रदान किया गया।
रसोइयों द्वारा बनाये गये व्यंजनों को डॉ० संगीता शर्मा, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इण्टर कालेज गौरीगंज, डॉ० रूबी सिंह सहायक अध्यापक (गृह विज्ञान) राजकीय बालिका इण्टर कालेज अमेठी, स्वास्थ्य विभाग से शालू गुप्ता, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय जनपद अमेठी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग से युगुल किशोर प्रभारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी जनपद अमेठी द्वारा निर्णायक के रूप में भोजन के स्वाद, पौष्टिक तत्व, भोजन बनाने का तरीका, स्वच्छता, सुरक्षा एवं सभ्य व्यवहार के आधार पर अंक प्रदान किये गये।
निर्णायक समूह द्वारा प्रदान किये अंक के आधार पर जानकी देवी रसोइया, प्राथमिक विद्यालय कुण्डवा, विकास खण्ड भेटुआ ने सोया, मेथी, पालक, आलू आदि की सूखी सब्जी बनाकर प्रथम्, किरन रसोइया कम्पोजिट विद्यालय दरपीपुर, विकास खण्ड गौरीगंज ने अरहर की दाल बनाकर द्वितीय तथा उमा, रसोइया प्राथमिक विद्यालय धनापुर, विकास खण्ड भेटुआ ने तहरी बनाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया गया। पुरस्कार राशि के रूप में विजेता प्रतिभागी को रू0 3500/- द्वितीय को रू0 2500/- एवं तृतीय को रू0 1500.00 के साथ शेष 27 रसोइयों को रू0 300/- सांत्वना पुरस्कार के रूप में तथा सभी प्रतिभागी 30 रसोइयों को रू0 350/- प्रति रसोइया की दर से आवागमन भत्ता के रूप में पी०एफ०एम०एस० के माध्यम से उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में प्रेषित किया जायेगा।
प्रतियोगिता के आयोजन में भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड, गौरीगंज द्वारा सहयोग प्रदान करते हुए प्रतियोगित के आयोजन हेतु गैस सिलेण्डर तथा चूल्हा उपलब्ध कराया गया।
कार्यकम में जिलाधिकारी संजय चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेश द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, बालकृष्ण प्लान्ट मैनेजर भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड, गौरीगंज, जनपद अमेठी एवं विभिन्न विकास खण्डों में कार्यरत खण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक लेखाकार तथा सम्मानित गणमान्य लोग उपस्थित होकर रसोइयों का उत्साहवर्धन किया। डा० रमेश सिंह, स०अ० द्वारा मंच संचालन किया गया।

