Sitapur UP: थाना समाधान दिवस पर डीएम व एसपी ने की जनसुनवाई

शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंकुर अग्रवाल ने थाना रेउसा में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके त्वरित, न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने राजस्व विवादों के शांतिपूर्ण समाधान हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी विवादों के मामलों में शीघ्र कार्रवाई की जाए तथा संवेदनशील प्रकरणों में नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने महिला संबंधी अपराधों, भूमि विवाद, अवैध कब्जों सहित अन्य गंभीर प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना समाधान दिवस से संबंधित रजिस्टर में प्रत्येक शिकायत के निस्तारण से जुड़ा संपूर्ण विवरण अंकित करने एवं समस्त अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिसवां शिखा शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts