Amethi UP : लाखों की लागत से बना आरआरसी सेंटर बना नशेड़ियों का अड्डा, गांव में लगा गंदगी का अंबार

संबधित अधिकारी ने कहा कि जल्द से जल्द इसका निदान कराया जाएगा

संग्रामपुर/अमेठी। विकास खंड संग्रामपुर के ग्राम पंचायत हिम्मतगढ़ में लाखों रुपये की लागत से बनवाया गया आरआरसी सेंटर (कूड़ा घर) अपने उद्देश्य से भटक चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के बाद से आज तक इस आरआरसी सेंटर में एक बार भी गांव का कूड़ा नहीं डाला गया।

ग्रामीणों के अनुसार गांव से दूर स्थित होने के कारण यह कूड़ा घर पूरी तरह उपेक्षित पड़ा है। समय के साथ यह स्थान जंगल में तब्दील हो गया है, जहां चारों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कूड़े के बजाय नशा करने वाले लोग डेरा जमाएं रहते हैं और इसे नशा करने का अड्डा बना लिया गया है।

उधर, गांव का सारा कूड़ा गांव के भीतर ही इधर-उधर फेंका जा रहा है, जिससे गंदगी बढ़ रही है और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों की उदासीनता पर नाराजगी जताई है।

ग्रमीणों की मांग है कि आरआरसी सेंटर को तत्काल सक्रिय किया जाए, झाड़ियों की सफाई कर नियमित रूप से कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव को गंदगी और बीमारियों से बचाया जा सके।

एडीओ पंचायत शशिकांत सिंह ने कहा कि इसकी जांच की जाएगी अगर ऐसा है तो इसको देख कर इसकी साफ सफाई कराकर इसमें गांव के कूड़े को एकत्रित करवाया जायेगा और भविष्य में ऐसा न हो इसके लिए प्रधान व संबंधित को निर्देशित किया जायेगा।

Related posts