धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 14.20 करोड़ मे खरीदा,”अमेठी के लाल ने कर दिया कमाल”
उनके घर पर बधाईयाँ देने वालों का लगा तांता, एक दूसरे को मिठाईयाँ खिलाकर खुशी कर रहे जाहिर, पूरे जनपदवासियों मे खुशी लहर
अमेठी। आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर तिवारी की किस्मत चमक गई। 30 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे प्रशांत वीर को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम ने बड़ी बोली 14.20 करोड़ लगाकर अपने खेमे में शामिल किया। इसके साथ ही वह इस ऑक्शन के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए।

खास बात यह है कि प्रशांत वीर उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी क्षेत्र के विकास खंड संग्रामपुर अंतर्गत सहजीपुर (गूंजीपुर) गाँव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम रामेंद्र तिवारी जो कि एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा मित्र की पोस्ट पर कार्यरत हैं और उनकी माँ अंजना गृहणी है। छोटे से गांव से निकलकर आईपीएल जैसे बड़े मंच तक पहुंचना न सिर्फ अमेठी बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मंगलवार 16 दिसंबर को अबू धाबी के एतिहाद एरिना में हुई नीलामी के दौरान जैसे ही प्रशांत वीर का नाम पुकारा गया, कई फ्रेंचाइजियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। अंत में CSK ने आक्रामक बोली लगाते हुए इस 20 वर्षीय ऑलराउंडर पर भरोसा जताया।
प्रशांत वीर ने हाल के घरेलू सत्र में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में प्रभावशाली खेल दिखाया, वहीं उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2025 में नोएडा सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए उन्हें उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ का खिताब भी मिला।
आईपीएल 2026 के लिए हो रही इस मिनी नीलामी में कुल 369 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी हैं। अमेठी के गूजीपुर गांव से निकलकर पिता रामेंद्र तिवारी के बेटे प्रशांत वीर की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
वही उनके निवास स्थान सहजीपुर मे बधाई के लिए क्षेत्र के पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष संग्रामपुर संजीव सिंह रामू, प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह टोन्टी, कांग्रेस नेता बृजेश मिश्र, प्रधान प्रतिनिधि पतापुर शोले सिंह, शैलेश सिंह, चंदन पाण्डेय, प्रधान प्रतिनिधि अरविंद पाण्डेय, राहुल दूबे, नितिन उपाध्याय सहित सैकड़ों लोगों का तांता लगा है।
---------------------------------------------------------------------------------------------------


