धारा लक्ष्य समाचार पत्र
भेटुआ/अमेठी। जिले के विकास खण्ड भेटुआ से धारा लक्ष्य समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का सकारात्मक असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। लंबे समय से सूखे पड़े गोपालपुर रजबहा में आखिरकार पानी पहुंच गया है।
जिससे क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है। रजबहा में पानी आने से फसलों की सिंचाई आसान हो गई है और किसानों को अब निजी नलकूपों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
स्थानीय किसान मुंशीरजा, गुलशेर, रामभवन, सुनील यादव, कमलेश यादव और शरद सिंह ने बताया कि रजबहा में पानी न होने के कारण उन्हें मजबूरी में निजी नलकूपों से सिंचाई करनी पड़ रही थी, जिससे डीज़ल और बिजली पर अतिरिक्त खर्च बढ़ गया था। अब नहर में पानी आने से सिंचाई की लागत कम होगी और फसलों की समय पर सिंचाई संभव हो सकेगी, जिससे उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
किसानों का कहना है कि यह कदम उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा और खेती को लाभकारी बनाएगा।
क्षेत्रवासियों ने इसके लिए प्रशासन और दैनिक धारा लक्ष्य का आभार व्यक्त किया है, जिनकी पहल से समस्या का समाधान संभव हो पाया।
डॉ. अमरनाथ तिवारी ने कहा—
“नहर में पानी पहुंचना किसानों के लिए बेहद राहत देने वाला कदम है। इससे न केवल सिंचाई की समस्या दूर होगी, बल्कि खेती की लागत घटेगी और किसानों की आमदनी बढ़ेगी। ऐसी जनसमस्याओं का समाधान समय पर होना ही ग्रामीण विकास की सही दिशा है।”
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि आगे भी नहर की नियमित सफाई और देखरेख की जाएगी, ताकि भविष्य में किसानों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

