Amethi UP : स्वामी दशरथ महराज बालिका इंटर कॉलेज का वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भेटुआ/अमेठी। जनपद अमेठी के भेंटुआ ब्लॉक अंतर्गत गैरिकपुर स्थित स्वामी दशरथ महराज बालिका इंटर कॉलेज में वार्षिक उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय बाबू रमाकांत सिंह जी की पुण्यतिथि की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। विद्यालय विगत 22 वर्षों से क्षेत्र में बालिका शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय बाबू रमाकांत सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह भोला द्वारा जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह त्रिशुंडी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में 22 वर्षों से निरंतर संचालित यह विद्यालय बालिका शिक्षा को नई दिशा दे रहा है और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह भोला ने कहा कि स्वर्गीय बाबू रमाकांत सिंह जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहा है।

वहीं विद्यालय के प्रबंधक अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय की स्थापना जिस उद्देश्य से की गई थी, उसी संकल्प के साथ बीते 22 वर्षों से बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेन्द्र नाथ सिंह ने की। कार्यक्रम में घनश्याम तिवारी, अजय सिंह, नीटू सिंह, रघुराज तिवारी, राम मूर्ति यादव, प्रेम प्रकाश सिंह, अंगद सिंह, हृदय प्रकाश सिंह, रुकसार, ननके सिंह, केसरी प्रताप सिंह, राधा कृष्ण तिवारी, शिव कुमार सिंह, सुरेन्द्र तिवारी, अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

अंत में प्रधानाचार्य द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया।

Related posts