Amethi UP : अमेठी कोतवाल पर किसान ने लगाए गंभीर आरोप, धमकी देने का दावा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

किसानों ने कोतवाली का किया घेराव, और नारेबाजी

अमेठी। जनपद अमेठी में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला अमेठी कोतवाली से जुड़ा है, जहां एक किसान ने कोतवाल पर जमीन विवाद की शिकायत के दौरान गंभीर धमकी देने का आरोप लगाया है।

पीड़ित किसान का आरोप है कि वह अपने भूमि विवाद की शिकायत लेकर अमेठी कोतवाली पहुंचा था, लेकिन वहां उसे न्याय मिलने के बजाय कथित रूप से डराया और धमकाया गया। किसान के अनुसार, कोतवाल ने उससे कहा—
“अब निर्माण होगा, अगर डायल 112 बुलाओगे तो इसी जमीन में जिंदा गड़वा दूंगा।”

किसान का कहना है कि इस कथित बयान से वह भयभीत हो गया और उसे न्याय की उम्मीद टूटती नजर आई। मामले की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों किसानों ने अमेठी कोतवाली का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पुलिस पर मनमानी, असंवेदनशीलता और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला न केवल एक किसान की शिकायत तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस की कार्यशैली और आमजन की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। अब यह देखना अहम होगा कि उच्च पुलिस अधिकारी इस प्रकरण में क्या कदम उठाते हैं या यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

फिलहाल किसान और आमजन न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन पुलिस के प्रति भरोसा लगातार कमजोर होता दिखाई दे रहा है।

Related posts