Sitapur UP: विकास की झलक: मिश्रिख में ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ प्रदर्शनी का उद्घाटन

डिजिटल विकास, कानून व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं को किया गया प्रदर्शित।

धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

मिश्रिख। खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय मिश्रिख परिसर में ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर आयोजित भव्य प्रदर्शनी का शुभारम्भ मंगलवार को विधायक मिश्रिख रामकृष्ण भार्गव, ब्लॉक प्रमुख मिश्रिख रामकिंकर पांडे, सांसद प्रतिनिधि राजकुमार सोनी एवं नगर पालिका परिषद मिश्रिख प्रतिनिधि अजय भार्गव सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को दर्शाया गया है। इसमें डिजिटल विकास, सुदृढ़ कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, मेट्रो रेल संचालन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों के लिए योजनाएं, रोबोट उत्पादन, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में प्रदेश की भूमिका, स्वदेशी उत्पादों का प्रोत्साहन, धर्म-संस्कृति व विरासत संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को चित्रों व विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

यह प्रदर्शनी 29 दिसंबर 2025 तक खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय मिश्रिख परिसर में आमजन के अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगी, जहां नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर विधायक रामकृष्ण भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं, जिससे पात्र लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है, रोजगार के अवसर बढ़े हैं और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।

ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पांडे ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मिश्रिख व नैमिष क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मिश्रिख शैलेन्द्र मिश्रा, खण्ड विकास अधिकारी सुनील कौशल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts