शादी के कुछ ही दिनों बाद पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव, आत्महत्या या हत्या—पुलिस जांच में जुटी।
धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद
हरगांव (सीतापुर)। हरगांव थाना क्षेत्र के अनिया कला गांव में स्थित महामाई मंदिर के पास जंगल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने एक युवक और युवती के शव पेड़ से लटके देखे। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों की पहचान खुशीराम (22) और मोहिनी (19) के रूप में की। दोनों लहरपुर क्षेत्र के बस्ती पुरवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों ने 6 दिसंबर को महामाई मंदिर में आपसी सहमति से विवाह किया था और पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे।
शादी के कुछ ही दिनों बाद इस तरह की दर्दनाक घटना सामने आने से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव में शोक और भय का माहौल है, जबकि परिजन बदहवास नजर आए।
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य संकलित किए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सीतापुर भेज दिया है।
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या कर शवों को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस बल मौके पर तैनात है और जांच जारी है।

