धारा लक्ष्य समाचार पत्र
खुटार। थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदिया निवासी सुरेश कुमार (55) की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पत्नी का नाम राजेश्वरी देवी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार सुरेश कुमार रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे काम के लिए घर से निकले थे। वह पास के गांव छतरपुर में मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान बाबा वनखंडी मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सुरेश कुमार को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार भिजवाया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।सुरेश कुमार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में चार बेटे और दो बेटियां हैं। घर के मुखिया की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि सुरेश ही परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा थे।गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

