Amethi UP : सराहनीय : जायस पुलिस द्वारा तांत्रिक की हत्या का खुलासा, 04 अभियुक्त गिरफ्तार

धारा लक्ष्य समाचार

मृतक का सिर, आलाकत्ल गड़ासा, घटना मे प्रयुक्त मारुति वैन व मृतक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, ताबीज, कलावा धागा आदि के साथ 04 अभियुक्त गिरफ्तार।

अमेठी। अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर की गई जघन्य हत्या का थाना जायस पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त गड़ासा, घटना में इस्तेमाल मारुति वैन सहित मृतक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, ताबीज व अन्य सामान बरामद किया है।

दिनांक 08 जनवरी 2026 को पूजा सिंह पत्नी नितिन कुमार निवासी बहादुरपुर थाना जायस ने तहरीर देकर बताया कि उनके मामा विजय सिंह पुत्र बेनी माधव सिंह निवासी मोहल्ला जेल रोड थाना मकन्दूगंज जनपद प्रतापगढ़, 07 जनवरी की रात लगभग 10 बजे घर से निकले थे, जिनकी मोजमगंज सिवान क्षेत्र में नहर पटरी के पास हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना जायस पर मुकदमा संख्या 05/26 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में जायस पुलिस टीम ने 11 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बीमारी ठीक न होने और पैसों की मांग से परेशान होकर उन्हें भ्रम हो गया था कि मृतक ने उन पर जिन्न-भूत छोड़ दिया है। इसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने हत्या की साजिश रची और देवा शरीफ ले जाने के बहाने विजय सिंह को मोजमगंज के पास ले जाकर गड़ासे से गर्दन काट दी। पहचान छिपाने के लिए धड़ नाले के पास फेंक दिया गया तथा सिर को बोरी में ईंट के साथ भरकर पुराने कुएं में डाल दिया गया।

अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गड़ासा, मारुति वैन संख्या यूपी 33 एडब्ल्यू 7364, मृतक का कटा सिर तथा अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजन सोनकर उर्फ निरहू, सौरभ सोनकर, प्रदीप उर्फ तूफानी सोनकर व अजय सोनकर शामिल हैं, सभी थाना जायस क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने टीम के कार्य की सराहना की है।

Related posts