वाराणसी उत्तर प्रदेश डमरूओं की नाद के साथ शीतलाधाम के लिंगिया महाराज ने चढ़ाया बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव।

डमरूओं की नाद के साथ शीतलाधाम के लिंगिया महाराज ने चढ़ाया बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव।

महंत आवास पर काशी की लोकपरंपरा के अनुसार हुआ बाबा का तिलक, रंगभरी एकादशी तक चलेंगे मांगलिक अनुष्ठान।वाराणसी।

देवाधिदेव महादेव की अविनाशी नगरी काशी में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सदियों पुरानी लोकपरंपरा के अनुसार बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। टेढ़ीनीम स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत आवास पर बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा का विधि-विधानपूर्वक तिलक किया गया।

यह तिलकोत्सव काशीवासियों की ओर से लोकाचार के रूप में संपन्न होता है, जिसमें संपूर्ण काशी बाबा के सगुन में सहभागी बनती है।

काशी की परंपरा में बसंत पंचमी केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं, बल्कि बाबा विश्वनाथ के विवाह उत्सव से जुड़े मांगलिक अनुष्ठानों की औपचारिक शुरुआत मानी जाती है। इसी परंपरा के निर्वहन के क्रम में महंत आवास पर संपन्न होने वाला तिलकोत्सव काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक चेतना का जीवंत उदाहरण है, जहां देवता और भक्त के बीच औपचारिक दूरी नहीं, बल्कि पारिवारिक भाव का सजीव दर्शन होता है।

पहली बार शीतलाधाम के लिंगिया महाराज ने चढ़ाया तिलकोत्सव इस वर्ष बसंत पंचमी (शुक्रवार) को दशाश्वमेध स्थित सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के श्रीमहंत शिवप्रसाद पाण्डेय ‘लिंगिया महाराज’ ने पहली बार काशीपुराधीश्वर बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव चढ़ाया।

यह अवसर काशी की धार्मिक परंपरा में विशेष महत्व का रहा, क्योंकि शीतलाधाम महंत परिवार की ओर से बाबा के तिलकोत्सव का यह पहला लोकाचार था। बांसफाटक स्थित श्री यंत्र पीठ से श्रीमहंत लिंगिया महाराज के नेतृत्व में भव्य तिलक यात्रा निकाली गई।

यात्रा में 21 वैदिक बटुकों द्वारा मंत्रोच्चार किया गया। शहनाई की मधुर धुन, डमरूओं के निनाद और शंखध्वनि के बीच 51 थालों में सजे बाबा के तिलक का चढ़ावा और 56 भोग की थालियां लेकर काशीवासी तिलकहरु ‘हर हर महादेव’ का उद्घोष करते हुए टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पहुंचे। डमरू, शंख और जयघोष से भक्तिमय हुआ टेढ़ीनीम क्षेत्र डमरूओं के नाद और हर हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से पूरा टेढ़ीनीम क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

गलियों से गुजरती तिलक यात्रा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। काशीवासियों के लिए यह दृश्य केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही लोकपरंपरा का साक्षात दर्शन था।

इस तिलकोत्सव के साथ ही काशी की उन लोकपरंपराओं का शुभारंभ हो गया, जो बाबा विश्वनाथ के विवाह उत्सव से जुड़ी मानी जाती हैं। बसंत पंचमी से आरंभ होकर यह मांगलिक अनुष्ठान श्रृंखला रंगभरी एकादशी पर माता गौरा के गौना तक निरंतर चलती रहती है। इस दौरान काशी में बाबा के दूल्हा स्वरूप की कल्पना और उससे जुड़े लोकाचार काशीवासियों की भावनाओं में विशेष स्थान रखते हैं।

चार वेदों के विद्वानों ने कराया पंचबदन प्रतिमा का विशेष पूजन महंत आवास पर तिलकोत्सव से पूर्व परिवार की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती मोहिनी देवी के सानिध्य में अंकशास्त्री महंत वाचस्पति तिवारी द्वारा विशेष वैदिक पूजन संपन्न कराया गया।

आचार्य सुशील त्रिपाठी के आचार्यत्व में चारों वेदों के वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चार के साथ बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा का पूजन किया।

ऋग्वेद से पं. लक्ष्य पुणतांबेकर, यजुर्वेद से पं. ऋषभ पांडेय, सामवेद से पं. अनिमेष दातार और अथर्ववेद से पं. गौरव रटाटे सहित कुल 11 वैदिक ब्राह्मणों की उपस्थिति में यह अनुष्ठान संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रों की ध्वनि से महंत आवास का पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

भोग आरती के बाद हुआ बाबा का भव्य राजसी श्रृंगार दोपहर भोग आरती के उपरांत संजीव रत्न मिश्र (भानू मिश्र) द्वारा बाबा विश्वनाथ का परंपरागत भव्य राजसी श्रृंगार किया गया। पंचबदन प्रतिमा को विशेष वस्त्रों, आभूषणों और पुष्पों से सुसज्जित किया गया, जिससे बाबा का स्वरूप अत्यंत दिव्य और आकर्षक प्रतीत हुआ।

श्रृंगार दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।लोकाचार में शामिल हुआ पूरा काशी समाज टेढ़ीनीम महंत आवास पर काशीवासी तिलकहरुओं का स्वागत मनोज शर्मा ने किया। इसके बाद महंत वाचस्पति तिवारी और श्रीमहंत शिवप्रसाद पाण्डेय ‘लिंगिया महाराज’ के मध्य विधिवत लोकाचार संपन्न कराया गया।

शीतलाधाम महंत परिवार के श्रीमहंत लिंगिया महाराज, उनके छोटे भाई महंत पुरुषोत्तम पांडेय और उपमहंत कल्लू महाराज की उपस्थिति में बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव विधिपूर्वक संपन्न हुआ। 56 भोग अर्पित किए गए और वैदिक मंत्रों के बीच आरती की गई।

काशी की आत्मा है यह लोकपरंपरा : लिंगिया महाराज तिलकोत्सव के दौरान श्रीमहंत लिंगिया महाराज ने महंत वाचस्पति तिवारी को आशीर्वचन देते हुए कहा कि काशी में बसंत पंचमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि बाबा विश्वनाथ के सगुन और मांगलिक अनुष्ठानों की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर होने वाला यह तिलकोत्सव काशी की विशिष्ट लोकपरंपरा है,

जिसमें बाबा विश्वनाथ को दूल्हे के रूप में तिलक किया जाता है।

यह परंपरा सनातन आस्था, पौराणिक मान्यताओं और काशी की सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है। लिंगिया महाराज ने कहा कि इस लोकाचार में न केवल मंदिरों और महंत परिवारों की भूमिका होती है, बल्कि आम काशीवासी भी पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लेते हैं।

यही कारण है कि काशी में देवता और भक्त के बीच कोई औपचारिक दूरी नहीं दिखाई देती, बल्कि एक पारिवारिक संबंध का भाव दृष्टिगोचर होता है। रंगभरी एकादशी तक चलेगा मांगलिक अनुष्ठानों का क्रम
बसंत पंचमी से आरंभ हुए यह मांगलिक अनुष्ठान रंगभरी एकादशी तक चलते रहेंगे। इस दौरान काशी में बाबा विश्वनाथ और माता गौरा से जुड़ी अनेक लोकपरंपराएं निभाई जाएंगी।

काशीवासियों के लिए यह समय केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान और लोकआस्था को जीवित रखने का अवसर भी है।

Related posts