एडिनबर्ग में गूंजी अवध और भोजपुरी की तान: स्कॉटलैंड में पहली बार मनाया गया ‘यूपी दिवस।
‘
एडिनबर्ग (स्कॉटलैंड): स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में पहली बार उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस यानी ‘यूपी दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम ने सात समंदर पार भारतीय प्रवासियों, विशेषकर उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले लोगों के बीच अपनी सांस्कृतिक जड़ों की याद ताजा कर दी।
दूतावास और प्रवासियों का अनूठा संगम इस गौरवशाली कार्यक्रम का आयोजन भारतीय वाणिज्य दूतावास और डिप्टी सीजीआई (Dy CGI) अमित चौधरी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में स्कॉटलैंड के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय उत्तर प्रदेश के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रवासियों ने शिरकत की।
सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन
उत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक अवधी और भोजपुरी संगीत रहा। कुलदीप शुक्ला के कुशल निर्देशन और संगीत ने माहौल को जीवंत बना दिया। मधु शुक्ला, निधि द्विवेदी, सोनल मिश्रा और कुशा ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से उत्तर प्रदेश की लोक संस्कृति और समृद्ध गायन परंपरा का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त, कई अन्य कलाकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ODOP (One District One Product) को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ, इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण पहलू उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ODOP (One District One Product) का प्रचार-प्रसार करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश के स्थानीय हस्तशिल्प और विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया गया, ताकि वैश्विक बाजार में राज्य की कला को नई पहचान मिल सके।
उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल विदेशी धरती पर रह रहे भारतीयों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि युवा पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ती है।

