Amethi UP : आंगनबाड़ी निर्माण कार्य बना भ्रष्टाचार का अड्डा, बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

संबधित अधिकारीयों का कहना भी नही मानती कार्यदायी संस्था, बार – बार संबंधित अधिकारियों के कहने पर भी धड़ल्ले से जारी है, मानक विहीन व गुणवत्ता विहीन कार्य।

संग्रामपुर/अमेठी।
सरकार जहां आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों और महिलाओं के पोषण व शिक्षा का मजबूत आधार बनाने का दावा कर रही है, वहीं संग्रामपुर विकास खंड में यही केंद्र ठेकेदारों और अफसरों की कथित मिलीभगत की भेंट चढ़ते नजर आ रहे हैं। दर्जनों नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन मानकों को ताक पर रखकर तैयार किए गए हैं, जिनकी दीवारें ही भ्रष्टाचार की कहानी बयां कर रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र में एक कार्यदायी संस्था द्वारा लगातार घटिया ईंटों और मानक विहीन मसाले का उपयोग कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। भैरोपुर-भवसिंहपुर में तीन, मड़ौली, शुकुलपुर समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों में इसी संस्था द्वारा आंगनबाड़ी भवन बनवाएं गए हैं, और हर जगह ही गुणवत्ता और मानकों पर सवाल उठे।

इसके बावजूद हैरानी की बात यह है कि उक्त संस्था को बार-बार काम सौंपा जा रहा है, जिससे अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है।

ताजा मामला खरबुजही गांव का है, जहां निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र में कमजोर ईंटों और गलत अनुपात के मसाले से दीवारें खड़ी की जा रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही हाल रहा तो भवन उद्घाटन से पहले ही जर्जर होने लगेंगे। सवाल यह है कि आखिर बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा से इतना बड़ा खिलवाड़ किसके संरक्षण में हो रहा है?

जब इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा गया तो हर बार की तरह “जांच कराई जाएगी” का रटा-रटाया जवाब सामने आया। और यह भी कहा कि निर्माणाधीन कार्य पर रोक लगा दी गई है, लेकिन संबंधित अधिकारियों के द्वारा निर्माण कार्य को रोके जाने के बाद भी धड़ल्ले से निर्माण कार्य जारी है।

अब सवाल यह उठता है कि क्या कार्यदायी संस्था संबंधित अधिकारियों का कहना भी नही मानती है?

वही क्षेत्र में चर्चा यह है कि जांच की फाइलें दफ्तरों में दब जाती हैं और भ्रष्टाचार बेखौफ जारी रहता है। अब जनता मांग कर रही है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र सच में सेवा के केंद्र बनें, न कि भ्रष्टाचार की इमारत।

Related posts