धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। जनपद अमेठी में नवागंतुक पुलिस अधीक्षक सर्वाणन टी. ने शुक्रवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा पुलिसिंग को तेज़, पारदर्शी और संवेदनशील बनाने के संकेत दिए।
पदभार ग्रहण के उपरांत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सर्वाणन टी. ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विश्वास आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।
एसपी ने महिला सुरक्षा, रात्रि गश्त, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही थाना स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने पर भी जोर दिया।
नए पुलिस कप्तान की तैनाती के साथ ही अपराध नियंत्रण को लेकर जनपदवासियों में नई उम्मीदें जगी हैं। अब सबकी निगाहें एसपी सर्वाणन टी. की कार्यशैली और उनके द्वारा उठाए जाने वाले ठोस कदमों पर टिकी हैं।

