Varanasi UP…काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब: श्याम ध्वजा यात्रा में गूंजा “खाटू श्याम” का जयकारा

काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब: श्याम ध्वजा यात्रा में गूंजा “खाटू श्याम” का जयकारा

वाराणसी फागुन महोत्सव के अवसर पर श्रीश्याम मंडल की ओर से लक्सा स्थित श्रीश्याम मंदिर में भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जहां लीलाधर की मनोहारी झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया। रात्रि में भव्य जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु पूरी रात श्याम भक्ति में लीन रहे।
भजन संध्या में “चालो रे खाटू धाम”, “कीर्तन की है रात बाबा थाने आनो पडसी” जैसे भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कीर्तन मंत्री चंदन तोदी, राजेश तुलस्यान, श्याम सुंदर गाड़ोदिया, संदीप शर्मा ‘कानू’, संजय शर्मा और सुशील गाड़ोदिया ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। संस्था के मंत्री पवन कुमार अग्रवाल ने निशान पूजन किया, जबकि प्रभु की आरती संजय पुजारी ने उतारी।
शुक्रवार दोपहर श्रीश्याम मंडल ट्रस्ट के मंत्री राजेश तुलस्यान, अध्यक्ष दीपक तोदी, मंत्री पवन कुमार अग्रवाल एवं प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने भक्तों को निशान प्रदान कर ध्वजा यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद संदीप दुबे, संदीप शर्मा ‘कानू’ के संयोजन में भव्य श्याम ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई।
यात्रा गिरजाघर, गोदौलिया, बांस फाटक, चौक, बुलानाला, मैदागिन, कबीरचौरा, लहुराबीर और मलदहिया होते हुए शाम को कैंट स्टेशन पहुंची। पूरे मार्ग में बैंड-बाजों पर श्याम नाम की धुन गूंजती रही। सैकड़ों महिला-पुरुष एवं बच्चे हाथों में श्याम निशान ध्वजा लेकर “हो जाओ तैयार खाटू जाने के लिए” और “शीश के दानी श्याम” जैसे भजनों पर झूमते नजर आए।
सजाए गए रथ पर श्याम प्रभु की फूलों से सजी अलौकिक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रथ से जागृत गाड़ोदिया एवं प्रशांत गाड़ोदिया द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने आरती उतारकर पुष्प वर्षा की और शरबत पिलाकर स्वागत किया। मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष अनुप सराफ, महेश चौधरी, राम बुबना एवं प्रमोद सराफ ने भी प्रभु की आरती उतारी।
सायंकाल पांच बजे श्रद्धालु कैंट स्टेशन से मरुधर एक्सप्रेस द्वारा जयपुर के लिए रवाना हुए। पूरे आयोजन ने काशी नगरी को श्याम भक्ति के रंग में रंग दिया।

Related posts