सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में अन्तःसंकाय खेलकूद युवा महोत्सव सम्पन्न।
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में 11 से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित अन्तःसंकाय वार्षिक खेलकूद युवा महोत्सव–2026 का समापन सोमवार को योगसाधना केन्द्र में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी तथा कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
महापौर ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की निर्णायक भूमिका है, जबकि कुलपति ने खेलों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास का सशक्त माध्यम बताया।
गोला फेंक, चक्का फेंक, योगासन, शतरंज, बैडमिंटन सहित कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

