सुकून – दावत-ए-इफ्तार” में गंगा-जमुनी तहज़ीब का संदेश, स्वामी ओमा द अक्क ने रोज़ेदारों संग किया इफ्तार।

वाराणसी।पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर वाराणसी में गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी सौहार्द का संदेश देने के लिए एक विशेष कार्यक्रम “सुकून – दावत-ए-इफ्तार” का आयोजन किया गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें प्रसिद्ध आध्यात्मिक चिंतक स्वामी ओमा द अक्क ने रोज़ेदारों के साथ इफ्तार कर समाज में हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी ओमा द अक्क ने एक दार्शनिक व्याख्यान भी दिया, जिसमें उन्होंने “सुकून” यानी आंतरिक शांति, मानवता और आध्यात्मिक एकता पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और प्रेम तभी संभव है जब लोग धर्म और जाति से ऊपर उठकर इंसानियत को प्राथमिकता दें।
रमज़ान के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, सम्मान और सद्भाव को मजबूत करना था। यह आयोजन रविवार, 15 मार्च 2026 को शाम 5:45 बजे क्लब स्पिरिचुअल बाय अक्क, जवाहर नगर कॉलोनी, वाराणसी में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में शहर के कई सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी तथा विभिन्न धर्मों के लोग उपस्थित रहे और सभी ने एकता व भाईचारे का संदेश दिया। आयोजकों का कहना है कि वाराणसी की पहचान सदियों से गंगा-जमुनी संस्कृति की रही है और इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में प्रेम, शांति और पारस्परिक सम्मान को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सकारात्मक संदेश से जुड़ सकें।

---------------------------------------------------------------------------------------------------

