स्व.मनीष चौबे जी का प्रथम स्मृति दिवस श्रद्धांजलि अर्पित कर मनाया गया।
वाराणसी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा महानगर उपाध्यक्ष स्व.मनीष चौबे जी का प्रथम स्मृति दिवस शुक्रवार को मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित कर मनाया गया।कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।वक्ताओं ने कहा कि मनीष चौबे का जीवन कांग्रेस की विचारधारा, संगठन और समाज सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहा। वे ऐसे जननेता थे जो हर कार्यकर्ता और आमजन के सुख-दुख में सबसे पहले खड़े रहते थे। उनका व्यवहार अत्यंत सरल, मिलनसार और सभी को साथ लेकर चलने वाला था, जिसके कारण वे संगठन में ही नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे।


जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि मनीष चौबे कांग्रेस संगठन के मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने कहा कि मनीष चौबे ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रिय रहे। वे कार्यकर्ताओं के सुख-दुख के साथी थे और हमेशा सभी को प्रोत्साहित करने का काम करते थे। उनका असमय निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने सयुक्त रूप से कहा कि*मनीष चौबे केवल एक पदाधिकारी नहीं बल्कि कांग्रेस परिवार के ऐसे सदस्य थे जो हर किसी के दिल में विशेष स्थान रखते थे। वे संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते थे।उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि राजनीति केवल पद और प्रतिष्ठा के लिए नहीं बल्कि समाज की सेवा और लोगों के बीच भरोसा कायम करने का माध्यम है। उनकी स्मृतियाँ और उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा। पिछले वर्ष 20 मार्च 2025 को लंबी बीमारी के चलते मनीष चौबे का असामयिक निधन हो गया था। संयोग से आज का दिन उनका जन्मदिन भी है और पुण्यतिथि भी, इसलिए यह दिन कांग्रेस परिवार के लिए भावनात्मक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दिन को कांग्रेसजनों ने उनके जीवन और कार्यों को याद करते हुए स्मृति दिवस के रूप में मनाया।मनीष चौबे का पूरा जीवन सेवा, समर्पण और संघर्ष की मिसाल रहा है। वे हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहते थे और संगठन के हर छोटे-बड़े कार्य में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेते थे। यही कारण है कि उनके जाने के बाद भी उनकी यादें, उनका स्नेह और उनका अपनत्व कांग्रेस परिवार के दिलों में हमेशा जीवित रहेगा।
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालो में :- जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल , महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे,सतनाम सिंह,मनोज वर्मा मनू,सुशील पाण्डेय,विनीत चौबे,अनिल पटेल,वंदना जायसवाल,किशन यादव,रामजी गुप्ता,कृष्णा गौड़,विशाल तिवारी,विकास पाण्डेय,इमरान,समेत कई लोग उपस्थित रहे।
