300 से अधिक मस्जिदों में अदा हुई नमाज, हजारों अकीदतमंदों ने मांगी अमन-चैन की दुआ
धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद
सीतापुर। जिले में ईद-उल-फितर का पर्व इस वर्ष कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और ड्रोन निगरानी के बीच पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर स्थित ईदगाह सहित शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 300 से अधिक मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
सुबह 8 बजे से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।

अलग-अलग समय पर अदा की गई नमाज के दौरान प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती गई। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाती रही।
नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पूरे जिले में खुशी, उत्साह और सौहार्द का माहौल देखने को मिला, जहां लोगों ने एक-दूसरे के साथ इस पर्व की खुशियां साझा कीं।


जिलाधिकारी राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे पूरे जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली।

वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों को ईद की शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस सांसद राकेश राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुनीन्द्र अवस्थी तथा सपा राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
ईद के मौके पर घरों में सेवइयों और अन्य लजीज व्यंजनों का दौर चलता रहा, जबकि बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की मुस्तैदी और जनता की समझदारी से त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
