रजिस्टर, साइबर सेल, मिशन शक्ति केंद्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार

शफीक अहमद
सीतापुर, 20 मार्च 2026। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस ने शुक्रवार को थाना कोतवाली नगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर व फ्लाई शीट आदि के रख-रखाव एवं प्रविष्टियों की गहन जांच की। साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई, साइबर सेल, कम्प्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, बैरक, भोजनालय व मालखाना सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने विभिन्न पोर्टलों पर की जा रही फीडिंग, 9 वर्टिकल्स की समीक्षा तथा साइबर सेल की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां तैनात स्टाफ को पीड़ित महिलाओं के साथ मृदुल व्यवहार करने, उन्हें सकारात्मक आश्वासन देने तथा मामलों के निस्तारण के बाद फीडबैक लेने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष रहकर पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
आईजी ने निर्देशित किया कि मिशन शक्ति केंद्र में बैठने, पेयजल व प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा आवश्यक काउंसलिंग की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
