सघन चेकिंग अभियान में बड़ी कार्रवाई, कई थानों की पुलिस टीमों ने मिलकर दबोचे अपराधी
धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर, 05 अप्रैल 2026। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान हिस्ट्रीशीटर सहित कुल 08 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 08 अवैध तमंचे और 08 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन और संबंधित क्षेत्राधिकारीगण के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई के दौरान थाना मानपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गयाप्रसाद को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ पहले से गैंगस्टर एक्ट, चोरी, नकबजनी और अन्य गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना हरगांव पुलिस ने छोटू उर्फ दिनेश को, जबकि थाना सकरन पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त अवधेश कुमार और हरेश को अवैध शस्त्रों के साथ गिरफ्तार किया। इनके पास से 315 व 12 बोर के तमंचे और कारतूस बरामद हुए। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है।
इसी क्रम में थाना महोली पुलिस ने प्रहलाद, थाना सिधौंली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर पिन्टू और सूफियान उर्फ शकील तथा थाना थानगांव पुलिस ने तुफैल को अवैध शस्त्रों के साथ गिरफ्तार किया। इन अभियुक्तों के खिलाफ भी विभिन्न थानों में चोरी, लूट, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।
