थिओसॉफिकल सोसाइटी का निशुल्क अन्न क्षेत्र एक माह से निरंतर जारी, सैकड़ों जरूरतमंदों को मिल रहा लाभ।

वाराणसी थिओसॉफिकल सोसाइटी द्वारा संचालित निशुल्क अन्न क्षेत्र एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम विगत 3 मार्च 2026 से लगातार जारी है। एक माह पूर्ण होने के बाद भी गैस सहित अन्य संसाधनों की कमी के बावजूद यह सेवा निर्वाध एवं सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
अन्न क्षेत्र में प्रतिदिन आम जनमानस को अलग-अलग प्रकार का शुद्ध, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जो लोगों को अत्यंत आकर्षित कर रहा है। क्षेत्र में इस सेवा की व्यापक चर्चा हो रही है और यह कौतूहल का विषय बना हुआ है।
इस अन्न क्षेत्र का शुभारंभ थिओसॉफिकल सोसाइटी, भारतीय शाखा के अध्यक्ष प्रदीप एच. गोहिल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन एस. एल. दर एवं वी. नारायणन के निर्देशन में तथा राजकुमार पाण्डेय की देखरेख में किया जा रहा है। वहीं, काशी तत्व सभा के सदस्य राजेन्द्र गुप्ता (राजन) द्वारा गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन तैयार कर वितरण कराया जा रहा है।
प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से प्रभु कृपा तक चलने वाले इस अन्न क्षेत्र से लगभग 100 से 125 लोग प्रतिदिन लाभान्वित हो रहे हैं। यह सेवा पूरे वर्ष पर्यंत निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया है।

