Varanasi UP…वाराणसी के अपना घर आश्रम में पीएनजी गैस आधारित रसोई का शुभारंभ।

वाराणसी के अपना घर आश्रम में पीएनजी गैस आधारित रसोई का शुभारंभ।

20 दिनों में बिछी पाइपलाइन।

वाराणसी स्थित अपना घर आश्रम में आज पीएनजी गैस से संचालित आधुनिक रसोई एवं बुकिंग सिस्टम का शुभारंभ गेल इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एम.के. गर्ग एवं महाप्रबंधक सुशील कुमार के करकमलों द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेष रूप से इजरायल-ईरान संघर्ष के प्रभाव से सिलेंडर गैस की आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। इस समस्या को देखते हुए आश्रम मैनेजिंग कमेटी की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पीएनजी गैस का प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अनुपालन में गेल के अधिकारियों ने सराहनीय कार्य करते हुए मात्र 20 दिनों में आश्रम तक पीएनजी पाइपलाइन बिछाकर एक अभूतपूर्व उदाहरण प्रस्तुत किया।
अब इस नई व्यवस्था के तहत आश्रम में लगभग 1400 लोगों के लिए प्रतिदिन भोजन बनाने का कार्य पीएनजी गैस से किया जाएगा। आश्रम परिवार ने जिलाधिकारी एवं गेल परिवार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर आश्रम के संस्थापक डॉ. के. निरंजन, संस्थापिका डॉ. कात्यायनी, अध्यक्ष एन. उपाध्याय, सचिव राकेश सिंह, उपसचिव रवि उपाध्याय, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पूजा श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अपने संबोधन में एम.के. गर्ग एवं सुशील कुमार ने कहा कि जनहित के कार्यों में योगदान देना उनका कर्तव्य है, लेकिन अपना घर आश्रम के लिए कार्य कर उन्हें विशेष संतुष्टि प्राप्त हुई है। उन्होंने आश्रम द्वारा किए जा रहे “मानव सेवा ही माधव सेवा” के कार्यों को प्रेरणादायक बताया।
अंत में डॉ. के. निरंजन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए गेल द्वारा कम समय में किए गए इस कार्य की सराहना की और आभार व्यक्त किया।

Related posts