मुस्तफाबाद में 10–12 अप्रैल तक भव्य गौ कथा, गौ संरक्षण के लिए जन-जागरण अभियान तेज।

वाराणसी गौ संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से प्रबुद्धजन काशी न्यास द्वारा 10, 11 एवं 12 अप्रैल 2026 को मुस्तफाबाद, चिरईगांव में आयोजित होने वाली भव्य गौ कथा के संदर्भ में बुधवार को महामना मदन मोहन मालवीय पत्रकारिता संस्थान, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजकों ने कथा वाचक मोहम्मद फैज खान के प्रेरणादायक जीवन संकल्प पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोहम्मद फैज खान ने असिस्टेंट प्रोफेसर जैसे प्रतिष्ठित पद को त्यागकर अपना संपूर्ण जीवन गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित कर दिया है। वे देश के विभिन्न राज्यों में गौ कथा के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, ‘गौ सेवा सद्भावना यात्रा’ के तहत उन्होंने 15,000 किलोमीटर की पैदल यात्रा भी की है। उन्होंने कहा कि गौ कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि इसके माध्यम से गौ आधारित अर्थव्यवस्था, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है।
पत्रकार वार्ता में गौ कथा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि यह आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में प्रबुद्धजन, समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्तियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
अंत में आयोजकों ने पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कार्यक्रम की विशेषताओं पर विस्तार से जानकारी दी और मीडिया से इस सामाजिक अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।
पत्रकार वार्ता को शशि भूषण सिंह, विश्वजीत सिंह, जितेंद्र सिंह ‘जितु’, रितेश श्रीवास्तव तथा संजय सिंह गौतम ने संबोधित किया।

