वाराणसी में अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़।
10 गिरफ्तार; 1.70 लाख नकद व XUV700 बरामद।


वाराणसी, कैंट थाना पुलिस और एसओजी-01 की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये नकद, विभिन्न दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन XUV700 (कीमत लगभग 18 लाख रुपये) बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपी बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी हैं और लंबे समय से विभिन्न राज्यों में टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। सभी आरोपियों को 8 अप्रैल की सुबह करीब 3 बजे कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.70 लाख रुपये नकद, चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी, एसबीआई एटीएम कार्ड, स्वास्थ्य विभाग का कार्ड और एक XUV700 वाहन बरामद किया है।
घटना का खुलासा मामला 10 फरवरी 2026 का है, जब हनुमानगंज क्षेत्र की रहने वाली एक महिला का बैग चोरी हो गया था। बैग में करीब 7 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज थे। इस संबंध में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात करता था। आरोपी पहले दूसरे शहरों में जाकर होटल में ठहरते थे और बैंकों व एटीएम के आसपास रेकी करते थे। जब कोई व्यक्ति अधिक नकदी लेकर निकलता था, तो गिरोह के सदस्य उस पर गंदा पानी या खाने की चीज (जैसे छोले/सब्जी) डाल देते थे। इसके बाद दूसरा सदस्य मदद के बहाने उसका बैग या नकदी पार कर देता था और सभी आरोपी वाहन से फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों के अलावा बिहार के कई जिलों में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
