ग्रामीण प्रतिभाओं का कमाल: सीएफआई मॉडल स्कूल का 10वीं में शत-प्रतिशत परिणाम।

पिंडरा (वाराणसी): विकास खंड पिंडरा के दीनदासपुर (ओदार) स्थित सीएफआई मॉडल स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। ग्रामीण परिवेश में संचालित इस विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
मेधावियों ने लहराया सफलता का परचम
विद्यालय के छात्र देवांश श्रीवास्तव ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। जागृति पाल ने 91.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा आर्यन सिंह ने 91.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आरुषि पाल (89.4 प्रतिशत) और वैभव पाण्डेय (87.4 प्रतिशत) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रबंधन ने किया सम्मानित
इस उपलब्धि पर विद्यालय के कैंपस एडमिन जॉर्ज मंगेशकर एवं प्रधानाचार्या अंशुला मंगेशकर ने सभी सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है।
विद्यालय के इस शानदार परिणाम से ओदार एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

